(नई दिल्ली)27अक्टूबर 2026
भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस त्रिशूल भूमध्य सागर में अपने अभियान के दौरान इटली के सिवितावेच्चिया बंदरगाह पहुंच गया है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि बंदरगाह पर पहुंचने से पहले भारतीय युद्धपोत ने इटली की नौसेना के जहाज कार्लो मार्गोटिनी के साथ समुद्र में संयुक्त अभ्यास किया।
इस अभ्यास के दौरान दोनों नौसेनाओं ने तालमेल के साथ दिशा बदलने, आधुनिक संचार व्यवस्था, समुद्र में एक-दूसरे को रसद पहुंचाने, क्रॉस डेक हेलीकॉप्टर ऑपरेशन और कर्मियों के आदान-प्रदान जैसी कई महत्वपूर्ण गतिविधियों का अभ्यास किया। इस अभ्यास से दोनों देशों की नौसेनाओं को अपनी कार्यप्रणाली और अनुभव साझा करने का मौका मिला, जिससे आपसी समन्वय और मजबूत हुआ।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इटली में इस बंदरगाह यात्रा के दौरान दोनों नौसेनाओं के बीच पेशेवर बातचीत, सांस्कृतिक भ्रमण और अनुभवों का आदान-प्रदान होगा। इस दौरान आईएनएस त्रिशूल को आम लोगों के लिए भी खोला जाएगा, ताकि इटली के नागरिक भारतीय नौसेना की गौरवशाली परंपराओं और क्षमताओं को करीब से देख सकें।
यह यात्रा भारत और इटली के बीच दशकों पुराने मजबूत समुद्री सहयोग और हिंद महासागर से भूमध्य सागर तक शांति व स्थिरता बनाए रखने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।(साभार एजेंसी/सोशल मीडिया)
