“2017 के बाद हुआ नव सूर्योदय”-सीएम योगी

Uttar Pradesh

(लखनऊ,यूपी)27 अक्टूबर 2026.

अयोध्या के 10वें भव्य दीपोत्सव से पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने रामनगरी के विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का उल्लेख किया है। सीएम ने कहा कि सप्तपुरियों में श्रेष्ठ अयोध्या धाम अपने 10वें दिव्य-भव्य दीपोत्सव के स्वागत में पुलकित है।

मुख्यमंत्री ने लिखा कि लाखों दीपों से जगमगाते सरयू तट, रामायण के प्रसंगों को जीवंत करती झांकियां, शोभायात्राएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां त्रेतायुग की स्मृतियों को फिर जीवंत करेंगी। हर दीप प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा और सनातन संस्कृति के गौरव का प्रतीक होगा।

अपनी पोस्ट में सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले राम की नगरी अयोध्या उपेक्षा, अव्यवस्था और बदहाली का दंश झेल रही थी। निर्दोष रामभक्तों पर गोलियां चलवाने वाली और हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप करने वाली सरकार को ‘राम की अयोध्या’ के विकास से क्या मतलब था?

सीएम ने कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा से 2017 के बाद अयोध्या में विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नया सूर्योदय हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने रामनगरी को उसका प्राचीन वैभव लौटाया है। भव्य श्रीराम मंदिर, महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, सुसज्जित रामपथ, नव्य घाट और सोलर सिटी के रूप में अयोध्या आज आस्था और आधुनिकता की संगम स्थली बन गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 में 1.71 लाख दीपों से शुरू हुई दीपोत्सव की यात्रा आज करोड़ों रामभक्तों की आस्था का प्रतीक बन चुकी है और इस वर्ष भी विश्व कीर्तिमान बनाने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि यह दीपोत्सव तुष्टीकरण के अंधकार पर आस्था की विजय और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प है।(साभार सोशल मीडिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *