भराड़ीसैंण (गैरसैंण)27अक्टूबर 2026
उत्तराखंड विधानसभा में आज मानसून सत्र के पहले दिन सरकार ने ₹7,844.18 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश किया। इसके साथ ही चालू वित्तीय वर्ष के लिए राज्य के कुल बजट का आकार बढ़कर ₹1,19,547.39 करोड़ हो गया है।
वित्त मंत्री की ओर से पेश किए गए इस अनुपूरक बजट में राजस्व व्यय के लिए ₹3,679.86 करोड़ और पूंजीगत व्यय के लिए ₹4,164.32 करोड़ का प्रावधान किया गया है। सरकार ने इस बजट में ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्थानीय निकाय, शिक्षा, स्वास्थ्य और कुंभ तैयारियों पर विशेष फोकस रखा है।
बजट की बड़ी घोषणाएं इस प्रकार हैं –
अन्नपूर्ति योजना के तहत किसानों से धान और गेहूं की खरीद के लिए ₹1,100 करोड़ का प्रावधान। यह किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम है।
स्थानीय निकायों को मजबूत करने के लिए राज्य कर राजस्व में उनकी हिस्सेदारी 10.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 12.5 प्रतिशत करने का प्रस्ताव, जिसके लिए ₹721 करोड़ आवंटित किए गए हैं।
आगामी दिव्य कुंभ मेले के सफल आयोजन और व्यवस्थाओं के लिए ₹290 करोड़ का विशेष बजट रखा गया है।
जल जीवन मिशन में कार्य कर चुके ठेकेदारों के लंबित भुगतान के लिए ₹300 करोड़ का प्रावधान, ताकि पेयजल योजनाओं में तेजी आ सके।
डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए स्कूल और उच्च शिक्षा विभाग में ₹200 करोड़, गैरसैंण की महत्वपूर्ण जलापूर्ति बांध परियोजना के लिए ₹122 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अटल आयुष्मान योजना में ₹100 करोड़ और सरकारी कर्मचारियों की गोल्डन कार्ड योजना के लिए ₹125 करोड़ रखे गए हैं।
खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए खेल विश्वविद्यालय को ₹35 करोड़ और चंपावत के प्रस्तावित महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए ₹10 करोड़ दिए गए हैं।(साभार सू वि)
