(चंडीगढ़,हरियाणा)27 अक्टूबर 2026
हरियाणा राज्य सरकार औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश के उद्योग मंत्री श्री राव नरबीर सिंह ने आज उद्योग जगत से प्रदूषण नियंत्रण में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि राज्य में निवेश और रोजगार बढ़ाने के लिए सरकार उद्योगों को हर संभव सुविधा दे रही है, लेकिन पर्यावरण से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने उद्योगों से आग्रह किया कि वे प्रदूषण कम करने के लिए आधुनिक और हरित तकनीकों को अपनाएं।
श्री राव नरबीर सिंह ने विशेष रूप से नष्ट न होने वाली इंडस्ट्रियल पॉलीथिन के उपयोग पर चिंता जताई और इसके पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पॉलीथिन का विकल्प न केवल पर्यावरण को बचाएगा, बल्कि सस्टेनेबल इंडस्ट्री की दिशा में एक बड़ा कदम भी होगा।(साभार DIPR हरियाणा/एजेंसी)
