भराड़ीसैंण (गैरसैंण)27 अक्टूबर 2026
उत्तराखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के ₹7,844.18 करोड़ के अनुपूरक बजट में विकास, बुनियादी सुविधाओं और जनकल्याण को प्राथमिकता दी है। भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र में पेश इस बजट के बाद राज्य का कुल बजट आकार ₹1,11,703.21 करोड़ से बढ़कर ₹1,19,547.39 करोड़ हो जाएगा।
अनुपूरक बजट में ₹4,164.32 करोड़ पूंजीगत मद और ₹3,679.86 करोड़ राजस्व मद में प्रस्तावित हैं, यानी आधे से अधिक राशि सीधे विकास कार्यों और स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण पर खर्च होगी।
बजट का सबसे बड़ा प्रावधान स्थानीय निकायों के सशक्तिकरण से जुड़ा है। छठे राज्य वित्त आयोग की सिफारिश मानते हुए सरकार ने स्थानीय निकायों की राज्य कर राजस्व में हिस्सेदारी 10.5% से बढ़ाकर 12.5% करने का प्रस्ताव रखा है, जिसके लिए ₹721 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इससे ग्राम पंचायतों और शहरी निकायों को अपने स्तर पर विकास कार्य करने के लिए अधिक संसाधन मिलेंगे।
बुनियादी ढांचे के लिए SASCI योजना के तहत ₹500 करोड़, ऊर्जा क्षेत्र में खुरपिया फार्म परियोजना सहित पारेषण-वितरण के लिए ₹270 करोड़, शहरी विकास की ADB पोषित योजनाओं के लिए ₹100 करोड़ और पुलिस आवासों के लिए ₹55 करोड़ रखे गए हैं।
इसके अलावा न्यायिक अवसंरचना के लिए ₹22 करोड़, पंचायत भवनों के लिए ₹5 करोड़, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अनुरक्षण और लोक निर्माण विभाग के लिए ₹31 करोड़ तथा ग्राम्य विकास विभाग के लिए ₹30 करोड़ का प्रावधान किया गया है।(साभार सू वि)
