(चंडीगढ़,पंजाब) 27अक्टूबर 2026
पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत मान ने सोमवार को राज्य में ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया। सीएम ने पीआरटीसी के 9 डिपो के लिए 29 सीटर वाली 100 नई मिनी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये बसें अब ग्रामीण और छोटे कस्बाई रूटों पर चलेंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले गांवों से शहरों को जोड़ने वाली बस सेवाएं बंद कर दी गई थीं, लेकिन उनकी सरकार नहरी पानी की तरह बस सेवा को हर गांव तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि ये बसें गांवों की लाइफलाइन साबित होंगी और लोगों के रोजमर्रा के आवागमन को आसान बनाएंगी।
सीएम मान ने बताया कि इन बसों के संचालन से करीब 150 युवाओं को रोजगार मिलेगा। कार्यक्रम में ही 15 युवाओं को परिवहन विभाग में नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए। उन्होंने घोषणा की कि अगले महीने बेड़े में 309 और बड़ी बसें भी शामिल की जाएंगी।
मीडिया से बातचीत में सीएम ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन सिर्फ सफर का साधन नहीं है। इससे छात्रों को स्कूल-कॉलेज जाने, परिवारों को रोजगार और व्यापार के लिए शहर आने-जाने में मदद मिलेगी। इससे गांवों का आर्थिक और सामाजिक ढांचा मजबूत होगा।
डिपो वार बसों का वितरण इस प्रकार है: पटियाला को 25, बठिंडा और चंडीगढ़ को 15-15, संगरूर को 10, बरनाला को 9, बुढलाडा को 8, कपूरथला को 7, फरीदकोट को 6 और लुधियाना को 5 बसें दी गई हैं।(साभार सोशल मीडिया/एजेंसी)
