(लखनऊ,UP)04अक्टूबर,2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने इंडिया कारपेट एक्सपो के स्वर्ण जयंती संस्करण का उद्घाटन किया। अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा है कि पहले भदोही का हुनर अपनी राह तलाशता था, आज सरकार उसके लिए विकास, बाजार और अवसर के नए द्वार खोल रही है। प्रदेश का निर्यात पिछले 10 वर्षों में लगभग 2.27 गुना बढ़कर आज ₹2 लाख करोड़ के पार पहुंच चुका है और उत्तर प्रदेश देश का 5वां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य है। निर्यात में भदोही के कालीन का बड़ा योगदान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन हाथों ने अपने हुनर से भदोही के कालीनों को दुनिया तक पहुंचाया, वर्ष 2017 से पहले वही हाथ बुनियादी सुविधाओं और अवसरों के लिए प्रतीक्षा करते रहे। आज डबल इंजन सरकार में वही हुनर विकास और वैश्विक बाजार, दोनों से जुड़ रहा है। हाथ से बनी भदोही की कालीनों की मांग आज पूरी दुनिया में सबसे अधिक है, जो वैश्विक मंच पर उत्तर प्रदेश के हुनर का लोहा मनवा रही हैं।
सीएम ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में एशिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय हस्तनिर्मित कालीन व्यापार मेले ‘इंडिया कारपेट एक्सपो’ के स्वर्ण जयंती संस्करण का आज शुभारंभ कर कालीन उद्योग के निर्यातकों, विक्रेताओं एवं उद्यमियों से संवाद की चर्चा की है।
इस अवसर पर भदोही, औराई एवं ज्ञानपुर विधान सभा क्षेत्रों को ₹1,340 करोड़ से अधिक की 112 विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ प्रदान किए जाएंगे।
सीएम ने लिखा है कि कारीगर के हाथ को सम्मान, उद्यम को विस्तार, युवाओं को रोजगार और भदोही को समृद्धि, यही नए उत्तर प्रदेश में विरासत और विकास के संगम की नई पहचान है।
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कालीन उद्योग से जुड़े निर्यातकों, विक्रेताओं एवं प्रमुख उद्यमियों से संवाद भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन हाथों ने सदियों तक कालीन बुना, उनमें नई तकनीक और नई डिजाइन भी होनी चाहिए। हमारी सरकार ने कारीगरों के हुनर, कला और उनकी साधना को पहचान दिलाने के लिए प्रयास प्रारंभ किए। इसके बाद मार्केट भी मिला और डिजाइन भी।
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने इंडिया कारपेट एक्सपो’ की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा से जुड़े सभी लोगों को हार्दिक बधाई तथा निर्यातकों, विक्रेताओं, उद्यमियों, कारीगरों एवं हस्तशिल्पियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।(साभार सोशल मीडिया)
