(लखनऊ,UP)06सितंबर,2026
मई-जून में संसाधनों की गणना के बाद अब सरकार ने जनगणना के दूसरे चरण की तैयारी तेज कर दी है। प्रक्रिया दो हिस्सों में होगी। पहले स्वगणना का विकल्प दिया जाएगा, जिसमें व्यक्ति स्वयं अपना विवरण भर सकेगा और उसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे।
जनगणना की पूरी प्रक्रिया के दौरान अगर आपके घर कोई मेहमान या रिशतेदार रह रहा है तो उसकी गिनती आपके परिवार के साथ ही होगी। जनगणना के दौरान किसी भी तरह के दस्तावेज नहीं देने होंगे।
यूपी में दिसंबर से शुरू होगी जनगणना:
केंद्र सरकार ने जनगणना के दूसरे चरण यानी व्यक्तियों और जाति की गणना का कार्यक्रम प्रारंभिक तौर पर एक फरवरी से 28 फरवरी तक तय किया था। हालांकि विधानसभा चुनाव के कारण यूपी में इसे एक दिसंबर से करवाया जाएगा। जनगणना चार जनवरी 2027 तक चलेगी।
अक्टूबर तक प्रशिक्षण पूरा करने पर फोकस:
जनगणना की तैयारियों को लेकर पिछले दिनों जनगणना निदेशालय ने सभी जिलों के साथ बैठक की थी। इसमें अहम फोकस मास्टर ट्रेनर, फील्ड अधिकारियों से लेकर पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों पर रहा। सूत्रों के अनुसार, सितंबर के आखिर में मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण का काम पूरा कर लिया जाएगा। वे अक्टूबर में ट्रेनर्स को प्रशिक्षण देंगे। इसके बाद अक्टूबर-नवंबर में फील्ड ट्रेनर 5.60 लाख से ज्यादा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को ट्रेनिंग देकर जनगणना कार्य संचालित होगा।(साभार सू वि)
