साइबर फॉरेंसिक और AI पर होगा मंथन

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)26अक्टूबर 2026

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज ‘टेकसंगम 2026’ का आयोजन हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह आयोजन उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (UPSIFS) में किया जा रहा है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर फॉरेंसिक, क्वांटम टेक्नोलॉजी और डेटा प्रोटेक्शन जैसे आधुनिक विषयों पर चर्चा होगी।

सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि आज के दौर में तकनीक को जन-कल्याण, न्याय व्यवस्था और युवाओं के भविष्य से जोड़ना बेहद जरूरी है। इसके लिए साइबर सुरक्षा और फॉरेंसिक साइंस में नई तकनीक और कुशल मानव संसाधन को बढ़ावा देना होगा। यह सम्मेलन तकनीकी इनोवेशन को नागरिक सुरक्षा से जोड़ने का बड़ा मंच बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश की बदली हुई कार्य संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने याद दिलाया कि 2017 से पहले प्रदेश में मात्र 2 साइबर थाने और 4 फॉरेंसिक लैब थीं, जिसके कारण वैज्ञानिक साक्ष्यों की कमी से सजा दर 30 प्रतिशत से भी कम थी।

डबल इंजन सरकार ने इस तस्वीर को बदल दिया है। आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में साइबर थाने हैं और प्रत्येक मंडल में फॉरेंसिक लैब बनाई जा रही हैं। इससे साइबर क्राइम पर अंकुश लगा है और कन्विक्शन रेट बढ़ा है। यह आयोजन वैज्ञानिकों और उद्योग जगत को एक साथ लाकर ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को मजबूती देगा और युवाओं के लिए नए अवसर खोलेगा।(साभार सोशल मीडिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *