(चंडीगढ़,UP)25अक्टूबर,2026
हरियाणा सरकार आंगनवाड़ी केंद्रों में पढ़ाई का तरीका पूरी तरह बदल रही है। अब यहां 3 से 6 साल के बच्चों को किताबों से नहीं, बल्कि खेल-कूद के जरिए सिखाया जाएगा, ताकि उनकी शिक्षा की नींव बचपन से ही मजबूत हो सके।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने जानकारी देते हुए कहा कि “प्रदेश में 3 से 6 वर्ष के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ‘आगे बढ़े बचपन’ पहल के तहत खेल-आधारित शिक्षण पर जोर दिया जा रहा है।”
उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों पर शिक्षण-अधिगम सामग्री उपलब्ध कराई गई है, जिससे बच्चे रंगों, आकारों, गिनती और अन्य रोचक गतिविधियों के माध्यम से सीख रहे हैं। इस तरह की पढ़ाई से बच्चों में भाषा और संवाद का कौशल, तार्किक सोच, समस्या सुलझाने की क्षमता,आत्मविश्वास और सामाजिक व्यवहार बेहतर होगा। इससे बच्चे भविष्य में स्कूल जाने के लिए भी अच्छे से तैयार हो पाएंगे।
मंत्री जी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर बच्चे को सीखने और जीवन में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।(साभार सोशल मीडिया)
