मुख्यमंत्री योगी करेंगे रुहेलखंड की धरा से चुनावी शंखनाद

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)11अक्टूबर,2026

13 अक्तूबर को नवरात्र के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली की धरती से चुनावी अभियान का औपचारिक शंखनाद करेंगे। बता दें कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में रणनीतिक रूप से बेहद अहम माने जाने वाले रुहेलखंड अंचल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नए राजनीतिक समीकरण साध रही है।कुल 25 विधानसभा सीटों के सियासी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए इस रैली को भव्य रूप दिया जा रहा है।

दरअसल, भाजपा रुहेलखंड के सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को साधने की रणनीति पर काम कर रही है। पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले रुहेलखंड में इस जनसभा के जरिये आसपास के कई जिलों के मतदाताओं तक सीधा संदेश पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बरेली मंडल के बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत जिले में मुकाबला बेहद दिलचस्प और कांटे का रहा था।

रुहेलखंड में जीत की कुंजी माने जाने वाले गैर-यादव ओबीसी वोट बैंक को सहेजने के लिए भाजपा ने इस बार नई रणनीति बनाई है। पार्टी ने पहली बार राज्यसभा में इस अंचल के प्रमुख कुर्मी और लोध समुदायों को एक साथ प्रतिनिधित्व दिया है। झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह के जरिये भाजपा ने कुर्मी-लोध गठजोड़ के पुराने फार्मूले को रिचार्ज किया है।

बरेली से चुने गए दो राज्यसभा सदस्य
यह पहला मौका जब बरेली से दो राज्यसभा सदस्य चुने गए हैं। इस चुनाव के एक सप्ताह बाद ही मुख्यमंत्री यहां जनसभा करके बड़ा संदेश दे सकते हैं। बीते चुनाव में यहां बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर की अधिकतर सीटों पर भाजपा प्रत्याशी जीते थे, लेकिन बरेली की बहेड़ी व भोजीपुरा और बदायूं की सहसवान, बिसौली सहित कुछ अन्य सीटों पर सपा ने बाजी मारी थी।

इस बार भाजपा का पूरा ध्यान उन सीटों पर है, जहां 2022 में जीत का अंतर बहुत कम था या जहां सपा मजबूत स्थिति में रही थी। मुख्यमंत्री की इस जनसभा का मुख्य उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरना और विपक्ष के प्रभाव को बेअसर करना है।

शिक्षक एमएलसी चुनाव को भी साधने की कोशिश
13 अक्तूबर को बरेली में प्रस्तावित जनसभा के जरिये सीएम बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन में माहौल बनाएंगे। इस बहाने वह बरेली व मुरादाबाद मंडल के शिक्षकों से भी रूबरू होंगे। साथ ही, बरेली मंडल के चार जिलों के करीब चार हजार ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) को सम्मानित करेंगे।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *