(पौड़ी गढ़वाल)26सितंबर,2026
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के अनुरूप जनपद पौड़ी गढ़वाल में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे बहुउद्देशीय शिविरों के कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब विभिन्न विकासखंडों में निर्धारित तिथियों पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 26 सितंबर को कोट, 28 सितंबर को पाबौ, 1 अक्टूबर को पोखड़ा, 3 अक्टूबर को थलीसैंण, 6 अक्टूबर को बीरोंखाल, 10 अक्टूबर को द्वारीखाल, 13 अक्टूबर को दुगड्डा, 14 अक्टूबर को जयहरीखाल, 15 अक्टूबर को कल्जीखाल, 16 अक्टूबर को खिर्सू तथा 17 अक्टूबर को रिखणीखाल विकासखंड में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे।
बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से आमजन को विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जाएगा। शिविरों में पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने, आवश्यक प्रमाण पत्र जारी करने, स्वास्थ्य परीक्षण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित सेवाएं तथा अन्य विभागीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। (साभार सू वि)
